


पांच माह पूर्व हुई थी शादी, घटना के बाद ससुराल पक्ष फरार
नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र के छोटी अठगामा गांव में गुरुवार सुबह एक नवविवाहिता द्वारा फंदे से झूलकर जान दे दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति एवं ससुराल वालों पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

मृतका की पहचान छोटी अठगामा निवासी ज्योति कुमारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब पांच माह पूर्व गांव के ही मनीष कुमार से हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया।
घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के सभी लोग घर में ताला लगाकर फरार पाए गए। इससे मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

मृतका के पिता विजय शर्मा ने खरीक थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मानसिक एवं घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया।
खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















