


170 फीट हिस्से में बिछाई गई लोहे की चादर
भागलपुर । विक्रमशिला सेतु पर आवागमन व्यवस्था को जल्द सुचारु करने के उद्देश्य से बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) द्वारा किए जा रहे बेली ब्रिज निर्माण कार्य में अब उल्लेखनीय तेजी देखने को मिल रही है। विभाग द्वारा गंभीरता के साथ युद्धस्तर पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे आम लोगों में जल्द राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार 20 मई को अपर महानिदेशक सीमा सड़क जितेंद्र प्रसाद (विशिष्ट सेवा पदक) ने विक्रमशिला सेतु पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया था। इसके बाद से निर्माण कार्य की रफ्तार काफी बढ़ा दी गई है।
बताया जा रहा है कि निरीक्षण के अगले ही दिन एक ही दिन में बेली ब्रिज के लगभग 170 फीट हिस्से में लोहे की चादर बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया। निर्माण स्थल पर बड़ी संख्या में मजदूर एवं तकनीकी कर्मी लगातार कार्य में जुटे हुए हैं। भारी मशीनों की मदद से ब्रिज के विभिन्न हिस्सों को तेजी से तैयार किया जा रहा है।

गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या 133 का स्लैब क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर एवं सीमांचल के बीच सड़क संपर्क प्रभावित हो गया था। इसके कारण हजारों लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल लोगों के आवागमन के लिए नाव सेवा का सहारा लेना पड़ रहा है।
ऐसे में बेली ब्रिज निर्माण कार्य में आई तेजी को लेकर स्थानीय लोगों में राहत और उम्मीद का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि इसी गति से कार्य चलता रहा तो जल्द ही आवाजाही सामान्य हो सकेगी और भागलपुर-नवगछिया के बीच यातायात सुचारु रूप से बहाल हो जाएगा।
















