


लाखों की संपत्ति जलकर राख, दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट
नवगछिया थाना क्षेत्र के जीरोमाइल चौसा रोड स्थित हार्डवेयर, ऑटो पार्ट्स एवं अन्य दुकानों में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि देर रात आई तेज आंधी और बारिश के दौरान ठनका गिरने से बिजली में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते आधा दर्जन दुकानें आग की चपेट में आ गईं। आगलगी की इस घटना में दुकानों में रखा नकद, मशीनरी, हार्डवेयर सामान, ऑटो पार्ट्स, फर्नीचर एवं अन्य जरूरी सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये की क्षति हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात में तेज गर्जना और बारिश के बीच अचानक एक जोरदार आवाज हुई, जिसके कुछ देर बाद दुकानों से आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों और दुकानदारों को जानकारी दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि किसी को दुकान के भीतर रखा सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया अग्निशमन विभाग की टीम दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों एवं दुकानदारों के सहयोग से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कई दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं।
आगलगी में बिहपुर के मिल्की निवासी अमृत कुमार शर्मा की हार्डवेयर दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। उन्होंने बताया कि दुकान में रखा करीब 40 हजार रुपये नकद सहित सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। वहीं तेतरी निवासी अनुभव कुमार की दुकान में रखा शीशा, रबर एवं अन्य सामान जल गया।

उजानी निवासी मो. गुलफराज आलम का वर्कशॉप एवं हार्डवेयर दुकान भी आग में पूरी तरह नष्ट हो गया। बड़ी मकनपुर निवासी महादेव कुमार मंडल की ऑटो इलेक्ट्रिक पार्ट्स की दुकान में रखा अधिकांश सामान जल गया। वहीं तेतरी निवासी धनंजय कुमार का टी स्टॉल पूरी तरह राख हो गया। इसके अलावा मोहम्मद मुख्तार ने बताया कि उनकी दुकान में रखा करीब 80 हजार रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया।
पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि दुकान ही उनके परिवार की जीविका का मुख्य साधन था। आगलगी की घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई दुकानदार घटना के बाद फफक-फफक कर रोते नजर आए। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत से तैयार दुकान और कारोबार कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गया।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। दुकानदारों ने नवगछिया अंचलाधिकारी एवं नवगछिया थाना में आवेदन देकर क्षतिपूर्ति की मांग की है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
















