


भागलपुर नगर निगम ने बिना ट्रेड लाइसेंस व्यवसाय चलाने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा के निर्देश पर निगम की विशेष टीम ने शहर में जांच अभियान चलाते हुए वार्ड संख्या 38 में दुकानों और प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस की जांच की। अभियान के दौरान कई दुकानदार ऐसे पाए गए, जिनके पास वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं था।

नगर निगम की टीम ने जांच के दौरान बिना लाइसेंस कारोबार करने वाले व्यवसायियों की सूची तैयार कर ली है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे दुकानदारों को जल्द नोटिस भेजा जाएगा। इसके बावजूद यदि व्यवसायी ट्रेड लाइसेंस नहीं बनवाते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई जा सकती है।
नगर निगम के ट्रेड लाइसेंस शाखा के अधिकारियों ने बताया कि नगर क्षेत्र में व्यवसाय संचालित करने वाले सभी दुकानदारों और प्रतिष्ठानों के लिए ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य है। निगम प्रशासन की ओर से कारोबारियों को लाइसेंस बनवाने के लिए अंतिम अवसर दिया जा रहा है। समय सीमा के भीतर लाइसेंस नहीं लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इधर, नगर निगम की ओर से इलाके में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। निगम कर्मियों ने दुकानदारों को दोबारा सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नगर निगम की इस कार्रवाई से इलाके के व्यवसायियों में हड़कंप का माहौल देखा गया। निगम प्रशासन ने कहा कि शहर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के लिए आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।
















