


भागलपुर। बरारी गंगा घाट पर गुरुवार को एक युवक द्वारा नाव से गंगा नदी में छलांग लगाने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और SDRF की टीम को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई। समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे युवक बरारी घाट पहुंचा था। वह गंगा किनारे खड़ी नाव पर सवार हुआ और एक नाव से दूसरी नाव पर जा रहा था। इसी दौरान जब नाव बीच गंगा में पहुंची तो युवक ने अचानक नदी में छलांग लगा दी, जिससे वह गहरे पानी में डूब गया।
नाव पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि युवक का व्यवहार पहले से ही संदिग्ध लग रहा था। वह लगातार एक नाव से दूसरी नाव पर जा रहा था। यात्रियों ने मजाक में उससे पूछा भी था कि “क्या मरना है जो ऐसा कर रहे हो?” इस पर युवक ने कथित तौर पर जवाब दिया, “हां, मरना है।” इसके कुछ ही देर बाद उसने गंगा में छलांग लगा दी

घटना के प्रत्यक्षदर्शी अंकित कुमार पासवान ने बताया कि नाव कुछ ही दूर आगे बढ़ी थी कि युवक ने अचानक नदी में छलांग लगा दी और देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही बरारी पुलिस मौके पर पहुंची और नाविक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने संबंधित नाव को जब्त कर लिया है, जबकि अन्य यात्रियों को दूसरी नाव से नवगछिया भेजा गया।

गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या 133 का स्लैब टूटने के बाद भागलपुर और सीमांचल के बीच सड़क संपर्क प्रभावित है। ऐसे में लोगों के आवागमन का मुख्य सहारा नाव बनी हुई है और बड़ी संख्या में लोग बरारी घाट से नाव के जरिए भागलपुर एवं नवगछिया के बीच सफर कर रहे हैं।
फिलहाल SDRF की टीम गंगा नदी में युवक की तलाश में जुटी हुई है।
















