5
(2)

नवगछिया : रंगरा स्थित तेजनारायण उच्च विद्यालय परिसर से डिग्री कॉलेज को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के विरोध में छात्रों का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने स्थानांतरण आदेश वापस लेने की मांग दोहराते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक अनिश्चितकालीन अनशन जारी रहेगा।

आमरण अनशन पर आशुतोष सिंह, अनुज चौरसिया एवं मृदुल शर्मा लगातार दूसरे दिन भी बैठे रहे। आंदोलन के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं ग्रामीण अनशन स्थल पर पहुंचे और अपना समर्थन जताया। छात्राओं ने भी अनशन स्थल पर बैठकर कॉलेज के स्थानांतरण का विरोध किया।

अनशनकारी आशुतोष सिंह ने कहा कि आमरण अनशन से पहले मशाल जुलूस, पुतला दहन, आक्रोश मार्च और हस्ताक्षर अभियान जैसे चरणबद्ध आंदोलन किए गए, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब तक स्थानांतरण आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

अनशनकारी अनुज चौरसिया ने कहा कि रंगरा प्रखंड के लोगों में कॉलेज के स्थानांतरण को लेकर व्यापक नाराजगी है। उनका कहना था कि भवन निर्माण एवं पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कॉलेज को स्थानांतरित करने का निर्णय क्षेत्र के छात्रों एवं जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि डिग्री कॉलेज का संचालन रंगरा स्थित तेजनारायण उच्च विद्यालय परिसर में ही किया जाए, ताकि छात्रों की उच्च शिक्षा प्रभावित न हो।

अनशनकारी मृदुल शर्मा ने कहा कि जिस स्थान पर कॉलेज स्थानांतरित किया गया है, वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है, जहां हर वर्ष कई महीनों तक जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में वहां नियमित रूप से कॉलेज का संचालन करना कठिन होगा।

आंदोलनकारियों ने कहा कि क्षेत्र के छात्र, अभिभावक और ग्रामीण लगातार आंदोलन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ एवं स्थानीय विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल से स्थानांतरण आदेश तत्काल रद्द कर रंगरा में ही कॉलेज का संचालन शुरू कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

दूसरे दिन अनशन स्थल पर गोपालपुर विधानसभा के पूर्व विधायक गोपाल मंडल भी पहुंचे और आंदोलनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

अनशन स्थल पर सियाराम मंडल, मोहम्मद फारुख, मोहम्मद भोलू, राकेश ठाकुर, राजन ठाकुर, बंटी ठाकुर, रोजी ठाकुर, पंकज जायसवाल, मोहम्मद हाकीम, सिकंदर मंडल, गुलशन झा, आनंद सिंह, उप प्रमुख दिवाकर सिंह, प्रियतोष सिंह, राजेश शर्मा, चितरंजन शर्मा, शंकर शर्मा, आशीष मंडल, मिक्कू झा, भरत भूषण गणपति, बिहारी मंडल, मिठ्ठू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: