


नवगछिया। पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को ढोलबज्जा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय के रख-रखाव एवं पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने थाना में उपलब्ध विभिन्न अभिलेखों और पंजियों का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को सभी पंजियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में संधारित विभिन्न पंजियों में दर्ज प्रविष्टियों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कांडों की भी बारी-बारी से समीक्षा करते हुए उनके अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली। एसपी ने अनुसंधान पदाधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कांडों के अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

एसपी ने थाना परिसर की स्वच्छता एवं अभिलेखों के उचित रख-रखाव पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा कार्यालय से संबंधित सभी दस्तावेजों को व्यवस्थित तरीके से रखने का निर्देश दिया।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा। निरीक्षण के दौरान थाना के पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
















