


नारायणपुर। मद्यनिषेध अभियान के तहत नवगछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भवानीपुर थाना क्षेत्र में 198 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल एक चारपहिया वाहन को जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को भवानीपुर थाना को सूचना मिली थी कि उजले रंग के चारपहिया वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या BR02BM-5609) से भारी मात्रा में शराब बिहपुर से नारायणपुर की ओर लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद भवानीपुर पुलिस ने नारायणपुर चौक पर वाहन चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान उक्त वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से कुल 198 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से मो. उमर, पिता मो. कलीम, निवासी दुधानी, थाना टॉवर चौक, जिला दुमका (झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया। शराब तस्करी में प्रयुक्त कार को भी विधिवत जब्त कर लिया गया।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
















