


नवगछिया। परम पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद से प्रत्येक शनिवार को संचालित सेवा श्री की ओर से शनिवार को महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों लोगों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में नवगछिया नगर परिषद के वार्ड संख्या 10 के पार्षद मनीष सिंह मौजूद रहे। सेवा श्री की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सेवा, सहयोग और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को कन्हैया बम का भी विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ। बताया गया कि सावन के दौरान कन्हैया बम प्रत्येक सप्ताह तीन दिन सुल्तानगंज से देवघर तक डाक बम के रूप में यात्रा करते हैं। उनके आशीर्वाद एवं सहयोग को आयोजकों ने सेवा कार्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
आयोजन में लोगों के बीच ठंडा पेय एवं महाप्रसाद के रूप में पुंगल का वितरण किया गया। महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था को सफल बनाने के लिए सेवा श्री के कार्यकर्ता संध्या से ही आयोजन स्थल पर जुटे रहे। कार्यकर्ताओं ने आने वाले लोगों को व्यवस्थित तरीके से प्रसाद उपलब्ध कराया और आयोजन की पूरी व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई।
सेवा श्री की ओर से बताया गया कि प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाला यह सेवा कार्यक्रम निरंतर जारी है और शनिवार को इसका 25वां शनिवार मनाया गया। संस्था का उद्देश्य सेवा, सहयोग और जरूरतमंदों तक प्रसाद पहुंचाकर सामाजिक भावना को मजबूत करना है। आयोजकों ने लोगों से सेवा श्री के कार्यक्रमों में सहभागी बनने तथा इस सेवा कार्य को आगे बढ़ाने में सहयोग एवं आशीर्वाद प्रदान करने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सेवा श्री के कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने बजरंगबली की कृपा से सेवा कार्य को निरंतर जारी रखने और अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने की कामना की। कार्यक्रम का समापन सेवा एवं सहयोग की भावना के साथ जय गुरुदेव के उद्घोष से हुआ।















