


जयघोष और भक्ति में सराबोर रहा
प्रदीप विद्रोही
कहलगांव (भागलपुर)। कहलगांव स्थित श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उल्लास के बीच निकाली गई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि, घंटियों की गूंज और ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शहर की प्रमुख सड़कों से होकर निकली रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। यात्रा में शामिल भक्तों का शहर के विभिन्न रास्तों में भव्य स्वागत हुआ. लोगों ने भक्तों को शिकंजी पिलाए.
रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित रथ पर भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा विराजमान थे। मंदिर के पुजारी संजय झा पूरे मार्ग में भगवान की सेवा करते हुए पंखा झलते रहे। आगे-आगे भक्त जन भजन-कीर्तन कर भगवान की महिमा का गुणगान कर रहे थे।
रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों ने रथ की रस्सी पकड़कर स्वयं को धन्य माना। यात्रा जिस-जिस मार्ग से गुजरी, वहां घरों की छतों और दरवाजों पर खड़े लोगों ने भगवान पर पुष्पवर्षा की तथा आरती उतारकर पूजा-अर्चना की। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथयात्रा का स्वागत किया और भगवान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
यात्रा शुरू होने से पूर्व मंदिर परिसर में पुजारी संजय झा की अगुआई में परंपरागत विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान की भव्य आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर यात्रा के सफल आयोजन की प्रार्थना की।
रथयात्रा की समाप्ति के बाद भगवान जगन्नाथ आठ दिनों के लिए अपनी मौसी के घर प्रवास करेंगे। धार्मिक मान्यता है कि इस अवधि में भगवान विश्राम करते हैं और इसे ब्रह्मांड की परिक्रमा का प्रतीक भी माना जाता है। इस दौरान श्री जगन्नाथ स्वामी धर्मशाला में प्रतिदिन भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
स्वामी जगन्नाथ रथयात्रा शोभा समिति के अनिल गुप्ता, श्याम चौधरी, संजीव जायसवाल, प्रेम कुमार जायसवाल, डॉ. विजय मंडल, बासुदेव प्रसाद साह, मुक्तेश्वर साह,नितेश साह, डॉ. संतोष कुमार,डॉ. रंजन घोष,राधाकांत चौधरी, विधायक शुभानंद मुकेश, देवकीनंदन शर्मा ने बताया कि रथयात्रा के अवसर पर दोपहर में महाप्रसाद का भी आयोजन किया गया। दर्जनों श्रद्धालुओं ने भगवान का प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद में चावल, दाल, सब्जी, घी और पापड़ परोसा गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
















