
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत पर नूतन गुप्ता और पंकज पटेल ने दी बधाई, कहा—यह मतदाताओं के विश्वास की जीत
पूर्णिया। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव की लगातार तीसरी बार जीत पर भाजपा नेताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर भाजपा की जिला मंत्री नूतन गुप्ता और भाजपा नेता एवं समाजसेवी पंकज पटेल ने अपने आवास पर लोगों के बीच मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी।

भाजपा जिला मंत्री नूतन गुप्ता ने डॉ. एनके यादव की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार तीसरी बार जीत हासिल करना उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, जनसेवा और मतदाताओं के साथ मजबूत जुड़ाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक विजय क्षेत्र के स्नातक मतदाताओं के विश्वास, समर्पण और जनसेवा के प्रति उनके निरंतर संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. एनके यादव अपने नए कार्यकाल में भी कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों, स्नातकों और शिक्षा जगत से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहेंगे। नूतन गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में कोसी क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और शिक्षा, युवाओं के मार्गदर्शन तथा स्नातक समाज के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि डॉ. एनके यादव का नया कार्यकाल जनकल्याण, विकास और जनसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने इस जीत के लिए उन्हें बधाई देते हुए सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मेहनत और सादगी का परिणाम है जीत : पंकज पटेल
भाजपा नेता एवं समाजसेवी पंकज पटेल ने कहा कि डॉ. एनके यादव मृदुभाषी और सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं। वे लंबे समय से गरीबों और जरूरतमंदों के बीच काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव विधान परिषद में लगातार शिक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। उनकी जीत उनकी मेहनत, सादगी और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता का परिणाम है।

पंकज पटेल ने एनडीए सरकार के कार्यों को भी इस जीत से जोड़ते हुए कहा कि यह सरकार के कार्यों के प्रति जनता के विश्वास का भी परिणाम है। उन्होंने कहा कि डॉ. एनके यादव की जीत से कोसी क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और एनडीए खेमे में उत्साह का माहौल है।
उन्होंने इसे बड़ी जीत बताते हुए कहा कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में डॉ. एनके यादव की हैट्रिक जीत भाजपा के प्रति मतदाताओं के विश्वास को दर्शाती है। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने डॉ. एनके यादव सहित अन्य एनडीए समर्थित स्नातक प्रत्याशियों की जीत पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।















