


नवगछिया । परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर पंचायत के निवासी सेवानिवृत्त चौकीदार रतनलाल दास (62 वर्ष) का इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल, भागलपुर में निधन हो गया। वे पिछले दो साल से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। मृतक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक चौकीदार राघोपुर हाट के निवासी थे। उनके पुत्र संजीव कुमार ने बताया कि उनके पिता वर्ष 2023 में नौकरी से सेवानिवृत्त हुए थे। कुछ दिन बाद घर के छत से गिरने की घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद से उनकी सेहत लगातार बिगड़ती रही। रविवार को सुबह करीब 11 बजे अचानक उनकी तबियत और खराब हो गई, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत मायागंज अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में इलाज के क्रम में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
शव घर पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया। रतनलाल दास के दो पुत्र – भवेश कुमार और संजीव कुमार तथा तीन पुत्रियां हैं, सभी विवाहित हैं। उनकी पत्नी वीणा देवी का निधन वर्ष 2020 में बीमारी के कारण हो चुका था।
इस दौरान परबत्ता थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी एवं चौकीदार मृतक के घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजनों को ढांढस बंधाया गया। परबत्ता थाना में भी दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस मौके पर थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार, एसआई, एएसआई एवं परबत्ता थाना के सभी कर्मी मौजूद थे।













