


24 घंटे के भीतर दूसरा वीडियो सामने आने से इलाके में बढ़ी चिंता
नवगछिया : नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर, इस्माईलपुर और रंगरा थाना क्षेत्र के गंगा घाटों से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हथियारों को गंगा नदी में जल समाधि देते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। जीएस न्यूज़ भी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खासकर 24 घंटे के भीतर हथियार प्रदर्शन और हथियार से जुड़े दूसरे वायरल वीडियो के सामने आने से लोगों में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है।
सूत्रों के अनुसार मामला सामने आने के बाद नवगछिया पुलिस के वरीय अधिकारियों ने संबंधित थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किया गया तथा इसमें दिख रहे लोग कौन हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हथियारों से जुड़े वीडियो वायरल होना कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की तकनीकी जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता और उसमें शामिल लोगों की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















