


रंगदारी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस समेत कई मामलों में था फरार
नवगछिया पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस जिला के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात अपराधी श्रवण कुमार उर्फ श्रवण कुंवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ रंगदारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी तथा तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
इसी क्रम में बुधवार को गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों में वांछित अपराधी श्रवण कुंवर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण कुंवर, पिता स्वर्गीय नेपाली कुंवर, निवासी सोनवर्षा थाना बिहपुर, जिला भागलपुर के रूप में हुई है।

कई संगीन मामलों में दर्ज हैं केस
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ रंगदारी, मारपीट, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने तथा मादक पदार्थों से जुड़े मामलों सहित कई संगीन कांड दर्ज हैं। बिहपुर थाना में वर्ष 2015 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध नवगछिया न्यायालय से कुर्की आदेश और गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था। लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस उसकी तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही थी।

नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ की जा रही है। उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस गिरफ्तारी को नवगछिया पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इलाके में लंबे समय से सक्रिय अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल है।
















