


गया: गया जंक्शन पर गुरुवार को ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में रेलवे सुरक्षा में तैनात गार्ड की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गार्ड ड्यूटी के दौरान कुर्सी पर बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान रेलवे के निर्माण कार्य में लगा एक रोड रोलर अनियंत्रित होकर उनकी ओर बढ़ गया और उन्हें कुचल दिया।
हादसा इतना भीषण था कि गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा रेलवे परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुआ। पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा लापरवाही का नतीजा था या तकनीकी कारणों से हुआ।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रेलवे प्रशासन की ओर से आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
















