


नवगछिया। बिहपुर थाना क्षेत्र के मिल्की गांव में घर बेचने का विरोध करने पर एक महिला के साथ कथित रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में चल रहा है। पीड़िता ने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
घायल महिला की पहचान मिल्की गांव निवासी रोशन खातून, पति मोहम्मद साबिर, के रूप में हुई है। पीड़िता ने बताया कि गांव के मोहम्मद कादिर, जन्नत खातून, मोहम्मद गुलाम और नसीमा खातून उस पर लगातार मकान बेचकर गांव छोड़ने का दबाव बना रहे थे।
पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार को जब उसने मकान बेचने से इनकार किया तो आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह उसे आरोपितों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजन उसे तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
पीड़िता ने आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका था। पुलिस में शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















