


नवगछिया पुलिस जिला के
गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार में महिला पर हुए जानलेवा हमले के मामले में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को गोपालपुर थाना को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार स्थित एक खेत में एक महिला पर अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है।
सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को बुलाया गया। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की समीक्षा की और अनुसंधान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कांड के शीघ्र उद्भेदन के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस ने बताया कि गोपालपुर थाना में मामला दर्ज कर सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है तथा घटना में संलिप्त अपराधियों की पहचान कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
















