


नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी दो वर्षीय बच्ची परिधि कुमारी घोड़े के हमले में घायल हो गई। घटना बुधवार संध्या की बताई जा रही है। घायल बच्ची की पहचान रुदल यादव की पुत्री परिधि कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि परिधि घर के पास सड़क किनारे खेल रही थी। उसी दौरान बगल से एक घोड़ा गुजर रहा था। अचानक घोड़े ने बच्ची पर हमला कर दिया और अपने दांत से उसके हाथ में काट लिया।
घटना के बाद बच्ची जोर-जोर से रोने लगी। शोर सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह घोड़े को भगाकर बच्ची को उसके चंगुल से छुड़ाया। हालांकि तब तक बच्ची के हाथ में गंभीर जख्म हो चुका था।
घटना के बाद परिजन बिना देर किए घायल बच्ची को अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ० तरुण कुमार ने उसका इलाज किया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की स्थिति सामान्य होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।













