


नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में एक सनकी कुत्ते ने आतंक मचा दिया। कुत्ते ने राह चलते कई लोगों और पशुओं पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार सनकी कुत्ता अचानक गांव की गलियों और सड़कों पर लोगों के पीछे दौड़ने लगा। इस दौरान उसने कई राहगीरों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के हमले में कई पशु भी जख्मी हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया।
वहीं घायल पशुओं को इलाज के लिए प्रखंड स्तरीय पशु अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां समुचित चिकित्सा व्यवस्था नहीं मिलने से पशुपालकों में नाराजगी देखी गई।
पशुपालक शिव कुमार राय ने बताया कि पशु अस्पताल की व्यवस्था काफी लचर है। उन्होंने कहा कि घायल पशुओं के इलाज के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे पशुपालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से सनकी कुत्ते को पकड़ने तथा गांव में आवारा पशुओं और कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।













