


जमीन विवाद और मनरेगा शिकायतों को लेकर उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
नवगछिया : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर आम लोगों की जमीन, राजस्व और विकास योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को गोपालपुर प्रखंड के बड़ी मकनपुर मालपुर एवं पचगछिया पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और त्वरित निष्पादन का भरोसा दिलाया।
सहयोग शिविर में सबसे अधिक मामले जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन तथा मनरेगा योजनाओं में गड़बड़ी से संबंधित सामने आए। ग्रामीणों ने राजस्व मामलों के लंबित रहने और योजनाओं में अनियमितता की शिकायत अधिकारियों के समक्ष रखी।

इस अवसर पर हेड क्वार्टर डीएसपी मनोज सुमन, बीडीओ निशांत कुमार, थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार, अंचलाधिकारी रोशन कुमार, चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुधांशु कुमार, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीणों को प्रखंड और जिला कार्यालयों के चक्कर से राहत दिलाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा।















