


चारपहिया वाहन से पहुंचे चोर, किसान के बासा से पांच बकरियां लेकर फरार
नवगछिया : गोपालपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव में बीती रात चोरों ने एक किसान के बासा पर धावा बोलकर बकरी चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत गोपालपुर थाना में दर्ज कराई है।

पीड़ित किसान रामानंद सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनका बासा नवगछिया से तीनटंगा जाने वाली सड़क के समीप स्थित है। रात में वे बासा पर सोए हुए थे। इसी दौरान चोर चारपहिया वाहन से वहां पहुंचे और मुर्गा फार्म के गेट तथा खूँटी से बंधी रस्सी काटकर अंदर प्रवेश कर गए।
चोरों ने वहां बंधी कुल पांच बकरियां और खस्सी चोरी कर वाहन पर लाद लिया। घटना के दौरान बकरियों के चिल्लाने और तार-रस्सी घिसने की आवाज सुनकर किसान की नींद खुली। जब तक वे बाहर निकलते, तब तक चोर बकरियों को वाहन पर लादकर मौके से फरार हो चुके थे।

पीड़ित किसान ने बताया कि गरीब परिवार के लिए बकरी ही सबसे बड़ी पूंजी और आय का सहारा होती है। चोरी की इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
गोपालपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध वाहनों की जानकारी खंगाली जा रही है।
















