


नवगछिया के गोपालपुर थाना के नवपदस्थापित थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रविशंकर सिंह ने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेने के उद्देश्य से शनिवार को त्रिस्तरीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी जनप्रतिनिधियों से ली। जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को उनके समक्ष रखा।

जदयू नेता प्रमोद चौबे ने ब्रह्मोतर तटबंध की सुरक्षा एवं निगरानी स्थानीय प्रशासन की ओर से किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि तटबंध की स्थिति पर प्रशासन की नियमित नजर रहनी चाहिए।
बैठक में मुखिया नगीना पासवान, अमित चौधरी, विजय सिंह, रौशन राय, वाल्मीकि कुंवर, शंभू कुमार रजक, प्रमोद चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
















