


भागलपुर जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित वारदात टल गई।
जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों एवं अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गोराडीह थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जिलेबिया मोड़ के समीप एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद है और किसी आपराधिक घटना की तैयारी कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे घेरकर पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी कट्टा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान निकेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हथियार और कारतूस जब्त कर लिया।
इस संबंध में गोराडीह थाना में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसका संबंध किसी संगठित अपराध गिरोह से तो नहीं है।
लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
















