5
(1)

बहुरूपियों और कदाचारियों पर रहेगी कड़ी नजर

10 जून को आठ केंद्रों पर होगी परीक्षा, 3720 अभ्यर्थी होंगे शामिल

पूर्णिया। बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा में अधिनायक लिपिक पद पर नियुक्ति के लिए 10 जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को महानंदा सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। जिला मुख्यालय स्थित आठ परीक्षा केंद्रों पर कुल 3720 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी तरह स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में कराया जाए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, एटीएम कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा अन्य अनधिकृत सामग्री के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से परीक्षा में खलल डालने वाले बहुरूपियों और फर्जी अभ्यर्थियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। इसके लिए सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, सीसीटीवी निगरानी और जैमर की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय फोटो लिया जाएगा तथा बाएं हाथ के अंगूठे का बायोमेट्रिक मिलान किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के तहत परीक्षा में कदाचार करते पकड़े जाने पर छह माह तक की कारावास अथवा दो हजार रुपये तक का जुर्माना या दोनों दंड का प्रावधान है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कदाचार या नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों के 500 गज की परिधि में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

जिलाधिकारी ने सभी जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा की निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही पाए जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: