


पूर्णिया। गुलाबबाग जीरो माइल गोलंबर को पूर्णिया के भव्य प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने की दिशा में NHAI द्वारा कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। विधायक विजय खेमका ने NHAI की इंजीनियरिंग टीम के साथ गुलाबबाग जीरो माइल गोलंबर का निरीक्षण किया तथा प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी ली।

विधायक का लंबे समय से गुलाबबाग जीरो माइल गोलंबर को आकर्षक एवं आधुनिक स्वरूप देने का प्रयास जारी था। NHAI के अधिकारी के अनुसार गुलाबबाग जीरो माइल गोलंबर पर आकर्षक लोटस फाउंटेन, एलईडी लाइटिंग, सीसीटीवी कैमरा, सजावटी प्रकाश व्यवस्था, हरियाली एवं आकर्षक लैंडस्केपिंग के साथ चारों दिशाओं से आने वाले लोगों के लिए प्रवेश द्वार विकसित किए जाने की योजना है।
विधायक ने कहा कि इसका उद्देश्य गुलाबबाग जीरो माइल को पूर्णिया की पहचान और आधुनिक ‘गेटवे ऑफ पूर्णिया’ के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया सीमांचल के साथ-साथ नेपाल, पश्चिम बंगाल और असम की ओर जाने वाले मार्गों का महत्वपूर्ण केंद्र है। राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों के माध्यम से पूर्णिया पड़ोसी राज्यों और पड़ोसी देश नेपाल से जुड़ा हुआ है तथा गुलाबबाग जीरो माइल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में यहां का भव्य और आकर्षक स्वरूप पूर्णिया की पहचान को और मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया और सीमांचल के विकास को नई गति दी है। पूर्णिया को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे एवं खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन बेहतर सड़क की सौगात मिली है। पूर्णिया एयरपोर्ट के विस्तार के लिए राशि की स्वीकृति हो चुकी है।
विधायक ने कहा, “बढ़ता पूर्णिया, विकसित पूर्णिया और समृद्ध पूर्णिया” हमारा संकल्प है। पूर्णिया के विकास, जनता की सुविधा और शहर की स्वच्छता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गोलंबर के निरीक्षण के दौरान NHAI के साइट इंजीनियर दिपोंजन साह, प्रयंजीत घोष, भाजपा नेता चंदन पासवान, पवन सहनी, जय किशन साह, संजय चौधरी, कन्हैय चौधरी, अरविंद पासवान, अर्जुन पासवान, विष्णुदेव ऋषि, सजित सिंह, बिनोद मंडल, सतीश साह आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
















