


‘
पूर्णिया : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत महबूब खान टोला रोड स्थित किडज़ी जॉनी किड्स एवं माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल में देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रप्रेम, एकता तथा अखंडता का संदेश दिया।

विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। बच्चों ने तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा का संकल्प लिया। सामूहिक रूप से तिरंगा लहराकर विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
विद्यालय के निदेशक त्रिदीप कुमार दास ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, देशप्रेम और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय की प्राचार्या अम्बरीन खान ने कहा कि विद्यार्थियों को बचपन से ही राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के मन में देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और उमंग के साथ भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” का संदेश देते हुए राष्ट्र के सम्मान और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।
















