



नवगछिया।
सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। स्मार्ट क्लास से लेकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक की योजनाएं लागू की जा रही हैं, ताकि बच्चों को बेहतर माहौल मिल सके। लेकिन गोपालपुर प्रखंड के अंतर्गत पचगछिया स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय और मध्य विद्यालय में शिक्षकों के आपसी विवाद ने बच्चों की पढ़ाई पर असर डाल दिया।

गुरुवार को विद्यालय परिसर में अचानक विवाद उस समय बढ़ गया जब उत्क्रमित उच्च विद्यालय की प्रधानाध्यापिका बिभा कुमारी ने मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार गुप्ता से 11 कक्षाओं के हैंडओवर की मांग की। विवाद गहराने पर प्रधानाध्यापिका ने प्रथम तल के दो कक्षाओं में ताला जड़ दिया। इससे लगभग 200 छात्र-छात्राएं करीब एक घंटे तक बरामदे में खड़े रहे और पढ़ाई बाधित हो गई।

इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक और प्रधानाध्यापिका के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति बिगड़ती देख विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। 112 नंबर की पुलिस टीम और पंचायत के मुखिया मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद ताले खोले गए और पठन-पाठन दोबारा शुरू हुआ।
प्रधानाध्यापिका बिभा कुमारी का कहना है कि जिला स्तर के निरीक्षण के दौरान विद्यालय की समस्या वरीय पदाधिकारियों को बताई गई थी। इसके बाद आदेश हुआ था कि मध्य विद्यालय के 22 कमरों में से 11 कमरे उत्क्रमित उच्च विद्यालय को सौंपे जाएं। कई बार आग्रह करने के बावजूद कक्षाएं हैंडओवर नहीं की गईं, जिससे स्मार्ट क्लास और पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मजबूरन उन्होंने दो कक्षाओं में ताला लगा दिया।
वहीं, मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि जब से नई प्रधानाध्यापिका आई हैं, विवाद उत्पन्न कर रही हैं। इंटर स्तरीय कक्षाओं के लिए नौ कमरे पहले ही उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके बावजूद मनमानी करते हुए ताले जड़े गए, जिससे छात्रों को बेवजह परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने इस मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी है।
इस संबंध में गोपालपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी उन्हें मिली है। फिलहाल कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से कराया गया है और पूरे मामले की जांच की जाएगी।














