



भागलपुर: होली पर्व को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी भागलपुर ने मद्य निषेध विभाग और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि त्योहार के दौरान शराब पीकर सड़कों पर निकलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

डीएम ने निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और मुख्य सड़कों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाए तथा संदिग्ध वाहन चालकों की जांच ब्रेथ एनलाइजर से अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहारों में नशे की हालत में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ती हैं, जिसे रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बार जांच केवल औपचारिकता नहीं होगी। शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पाए जाने पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत जुर्माना, वाहन जब्ती और गिरफ्तारी जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नशे में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि होली का त्योहार शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की हुड़दंग, नशाखोरी या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।














