


पूर्णिया। जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन के दौरान एक स्कूली छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्कूल में चल रहा टीकाकरण अभियान एहतियातन कुछ समय के लिए रोक दिया गया। छात्रा को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र स्थित मोहनलाल बजाज गर्ल हाई स्कूल में शनिवार सुबह छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाया जा रहा था। इसी दौरान एक छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे वहां मौजूद शिक्षकों और स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया।
बीमार छात्रा की पहचान गुलाबबाग मोहनकुंडा वार्ड-4 निवासी मो. आरिफ की 15 वर्षीय पुत्री आलिया परवीन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, स्कूल की ओर से पूर्व में ही अभिभावकों को वैक्सीनेशन के संबंध में सूचना दी गई थी और आवश्यक दस्तावेज के साथ निर्धारित समय पर छात्राओं को भेजने को कहा गया था।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब सात बजे से टीकाकरण शुरू हुआ था और कई छात्राओं को वैक्सीन दी जा चुकी थी। इसी क्रम में आलिया परवीन को वैक्सीन दिए जाने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसके चेहरे पर सूजन आ गई, सांस लेने में तकलीफ होने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत उसे इलाज के लिए जीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
इस संबंध में चिकित्सक डॉ. शरद कुमार ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाया जाता है और यह एक सुरक्षित टीका है। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में वैक्सीन के बाद हल्की घबराहट या अस्थायी शारीरिक प्रतिक्रिया देखी जा सकती है, जो सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने अभिभावकों से घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए आश्वस्त किया कि स्थिति नियंत्रण में है।
फिलहाल छात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
















