


नवगछिया । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंधन बचत अभियान और संयमित ऊर्जा उपयोग के संदेश को आगे बढ़ाते हुए बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र बुधवार को पटना में ई-रिक्शा से अपने कार्यालय पहुंचे। मंत्री के इस कदम की राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा हो रही है।

कार्यालय पहुंचने के बाद मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व को यह संदेश दिया है कि यदि इच्छाशक्ति हो तो देश, सरकार और आम नागरिक मिलकर इंधन की खपत कम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित के लिए भी बेहद आवश्यक है।
मंत्री ने आम लोगों, भाजपा एवं एनडीए कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि जहां भी संभव हो, वहां इंधन की बचत के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहल भी बड़े बदलाव का आधार बन सकती है।

इधर नवगछिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पैदल सीएमओ पहुंचकर और कई मंत्री सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री इं. शैलेंद्र ने भी यह निर्णय लिया है कि वे सरकारी सुविधाओं का सीमित उपयोग करेंगे तथा सप्ताह में दो दिन अपने सरकारी आवास से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित विश्वसरैया भवन और कार्यालय तक साइकिल, ई-रिक्शा या सार्वजनिक परिवहन से ही जाएंगे।

भाजपा नेताओं ने मंत्री के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इं. शैलेंद्र जो बातें जनता और कार्यकर्ताओं से कहते हैं, उन्हें अपने जीवन में भी पूरी तरह लागू करते हैं। भाजपा नेता प्रभुनंदन चौधरी, उत्तम कुमार, दिनेश यादव, इं. कुमार गौरव, बाल्मिकी मंडल, ब्रजेश शर्मा नागर, दिलीप सिंह, ब्रजेश चौधरी, रंजीत गुप्ता और दिलीप महतो समेत अन्य नेताओं ने कहा कि मंत्री का यह कदम समाज और देशहित में प्रेरणादायक है।
















