


नवगछिया के गोपालपुर इस्माईलपुर-बिंद तटबंध पर लगभग 90 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे कटाव रोधी कार्य का सोमवार को सांसद अजय मंडल ने स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के अभियंता भी उनके साथ मौजूद रहे।
सांसद ने स्पर संख्या 7 से 9 तक हो रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीट पाइलिंग, बोल्डर क्रेटिंग, तटबंध में मिट्टी भराई, जीटी फिल्टर तथा बोल्डर लगाने जैसे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का आकलन किया। अधिकारियों ने उन्हें कार्य की वर्तमान स्थिति एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

बताया गया कि ग्रामीणों द्वारा कार्य में गड़बड़ी की शिकायत सांसद से की गई थी, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव रोधी कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बाढ़ और कटाव से राहत मिल सके।

इस अवसर पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार, एसडीओ अमितेश कुमार सिंह, मुखिया नगीना पासवान, पंचायत समिति सदस्य मनोज कुमार रविदास, पूर्व सरपंच शंभू यादव सहित ग्रामीण जितेंद्र मंडल, अशोक मंडल एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
















