


ताला तोड़कर दानपेटी की नकदी समेत लाखों की संपत्ति ले उड़े चोर
भागलपुर। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर बाजार स्थित प्रसिद्ध बजरंगबली मंदिर में मंगलवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़ने के साथ ही दानपेटी का ताला भी तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है।

मंदिर के पुजारी ने बताया कि मंगलवार होने के कारण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ कीर्तन-भजन का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने मंदिर में ताला लगाकर अपने घर चले गए। बुधवार सुबह जब वे नियमित पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दानपेटी का ताला भी टूटा था और उसमें रखी नकदी गायब थी। मंदिर का सामान भी बिखरा पड़ा था।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुट गए। श्रद्धालुओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी की मांग की।
सूचना मिलने पर जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। चोरी गई नकदी एवं अन्य सामान का वास्तविक मूल्यांकन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
















