


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। कभी साधारण रेलवे स्टेशन के रूप में पहचाना जाने वाला शिवनारायणपुर अब आधुनिक सुविधाओं से लैस नए स्वरूप में यात्रियों का स्वागत करेगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 17.94 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का कायाकल्प किया गया है, जिससे यह केवल रेल यात्रियों के लिए नहीं, बल्कि पूरे इलाके के विकास का नया केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है।
साहिबगंज–भागलपुर रेलखंड पर स्थित यह स्टेशन प्रतिदिन हजारों यात्रियों, छात्रों, किसानों और व्यापारियों के आवागमन का प्रमुख माध्यम है। राष्ट्रीय राजमार्ग-80 के निकट होने के कारण इसकी उपयोगिता और भी बढ़ जाती है। अब स्टेशन पर आधुनिक भवन, आकर्षक फसाड, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, नया सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, आधुनिक प्रतीक्षालय और उन्नत शौचालय जैसी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए दो लिफ्ट, दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्थाएं और आधुनिक साइनेज लगाए गए हैं, जिससे स्टेशन पर आवागमन पहले की तुलना में अधिक आसान और सुरक्षित होगा। स्टेशन की वास्तुकला में भागलपुर की प्रसिद्ध रेशम संस्कृति और स्थानीय विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
रेल अधिकारियों का मानना है कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी आसान होगी। इससे आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में रेलवे स्टेशनों को आधुनिक और यात्री-केंद्रित बनाया जा रहा है। शिवनारायणपुर स्टेशन का नया स्वरूप इस दिशा में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

















