


“सबसे दूर-सबसे पहले” अभियान के तहत हजारों लोगों तक पहुंची सरकारी योजनाएं
भागलपुर । जनजातीय गरिमा उत्सव-2026 के अंतर्गत भागलपुर जिले में चलाए गए जनभागीदारी अभियान “सबसे दूर-सबसे पहले” का सोमवार को समापन हो गया। इस विशेष अभियान का शुभारंभ 18 मई को जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा किया गया था। अभियान का उद्देश्य जनजातीय बाहुल्य और दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रशासनिक सेवाओं, सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना था।

जिला प्रशासन की ओर से 18 मई से 25 मई तक संचालित इस अभियान के तहत समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न दिनों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। 19 मई को संतृप्ति अभियान, वृक्षारोपण अभियान और स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। 20 मई को प्रखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा जनजातीय गांवों का भ्रमण कर सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। वहीं 21 से 23 मई तक आदि सेवा केंद्रों पर विशेष जनसुनवाई शिविर आयोजित कर अनुसूचित जनजाति समुदाय से प्राप्त समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया गया।
24 मई को प्राप्त आवेदनों और निष्पादित मामलों का विभागवार प्रलेखन किया गया, जबकि 25 मई को जिला पदाधिकारी द्वारा डीब्रीफिंग एवं समीक्षा बैठक आयोजित कर अभियान की उपलब्धियों की समीक्षा की गई।

जिला प्रशासन के अनुसार इस अभियान के तहत जिले के तीन प्रखंडों में कुल 101 शिविर, मेडिकल कैंप और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें 3,215 जनजातीय समुदाय के लोगों ने भाग लिया।
अभियान के दौरान लोगों को आयुष्मान कार्ड, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम गरीब कल्याण योजना, वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि योजना और जनधन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। जिला प्रशासन ने इसे जनजातीय समुदाय तक सरकारी सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
















