


24 घंटे के भीतर पांच आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
कटिहार । कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित संदलपुर गांव में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में फैली दहशत कुछ हद तक कम हुई है।

जानकारी के अनुसार 23 मई की रात करीब 11 बजे 21 वर्षीय युवक मो. तारिक को सिर में गोली मार दी गई थी। परिजनों ने बताया कि तारिक घर के बाहर अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। कुछ देर बाद वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में घर पहुंचा और गांव के ही कुछ युवकों पर गोली मारने का आरोप लगाया। इसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर संदलपुर गांव में लगातार छापेमारी की।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान असफाक (22), मो. सरफराज (19), मो. इकबाल (19), मो. शहनवाज (19) और मो. आशिफ (23) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी संदलपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि इसी हथियार का इस्तेमाल गोलीकांड में किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गोलीबारी के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
















