


भागलपुर: मारवाड़ी महाविद्यालय में सोमवार को छात्रों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र प्राचार्य कार्यालय पहुंचे और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जाहिर की।
छात्रों का आरोप है कि महाविद्यालय का छात्रावास पूरी तरह जर्जर हो चुका है और भवन की स्थिति बेहद खराब है। उनका कहना है कि किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। साथ ही छात्रावास में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों ने बताया कि रात में सोते समय भी डर बना रहता है कि कहीं छत गिर न जाए। इस समस्या को लेकर कई बार प्राचार्य से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
वहीं, इस मामले में छात्रावास अधीक्षक डॉ. संजय जायसवाल ने आश्वासन दिया है कि छात्रों की मांगों को जल्द पूरा करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। बावजूद इसके, छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
















