
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर के प्रसिद्ध रेशमी वस्त्रों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंगलवार को जीरो माइल स्थित रेशम भवन में जीविका और वूमेन वर्ल्ड बैंकिंग के संयुक्त तत्वावधान में बॉयर्स-सेलर्स मीट का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य स्थानीय रेशम उत्पादकों और महिला उद्यमियों को बड़े खरीदारों से जोड़कर उनके कारोबार को विस्तार देना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त रवि राकेश ने किया। मौके पर जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक सुनिर्मल गरेन, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सिल्क उद्यमी, महिला समूहों की सदस्य और खरीदार मौजूद रहे।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि तसर सिल्क भागलपुर की पहचान और गौरव है। यहां के रेशमी वस्त्रों की गुणवत्ता और पारंपरिक बुनाई की अलग पहचान है। ऐसे आयोजन से स्थानीय उत्पादकों को बड़े खरीदारों से जुड़ने और अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

मीट में बीवी शबनम, प्रति कुमारी, अमृता कुमारी, फरजान और जूली कुमारी सहित जीविका से जुड़ी महिला उद्यमियों ने अपने हैंडलूम सिल्क उत्पादों का प्रदर्शन किया। बांका के सिल्क उद्यमियों ने भी भागीदारी की।
इस दौरान खरीदारों और उत्पादकों के बीच उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन, कीमत, बाजार की मांग और आपूर्ति को लेकर चर्चा हुई। पहल का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को सीधे बाजार से जोड़ना और उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना है।
जीविका की यह पहल भागलपुर के पारंपरिक रेशम उद्योग को नए बाजार उपलब्ध कराने के साथ महिला उद्यमियों की आर्थिक आत्मनिर्भरता और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने में मददगार साबित हो सकती है।
















