


नवगछिया। पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने शनिवार को झंडापुर थाना का औचक निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, अनुसंधान में तेजी लाने तथा आम जनता को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, रखरखाव तथा विभिन्न अभिलेखों और पंजियों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने सभी पंजियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो।
उन्होंने थाना परिसर की स्वच्छता एवं कार्यालयीन व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि वे आम लोगों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करें तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि थाना आम नागरिकों के लिए न्याय और सुरक्षा का पहला केंद्र होता है। ऐसे में प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
















