


नवगछिया। नवगछिया थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी समारोह में कथित रूप से हर्ष फायरिंग की तैयारी कर रहे तीन युवकों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, ₹6,050 नकद तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 जुलाई की रात नवगछिया थाना की गश्ती टीम श्रीपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप संदिग्ध अवस्था में घूम रहे तीन युवकों की गतिविधियों पर संदेह होने पर उन्हें रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान सुमन कुमार (पिता–सुभाष सिंह, निवासी छोटी परबत्ता, थाना इस्माईलपुर, जिला भागलपुर) के पास से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस तथा ₹6,050 नकद बरामद किए गए।

इसके बाद पुलिस ने उसके साथ मौजूद सुमित कुमार (पिता–मनीकांत मंडल, निवासी छोटी परबत्ता, थाना इस्माईलपुर) तथा गिरिश कुमार (पिता–सकलदेव महतो, निवासी शिवकुन चांद टोला, थाना हमजापुर, जिला मुंगेर) को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि बरामद देशी कट्टा और कारतूस का उपयोग अपने एक रिश्तेदार के शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के लिए किया जाना था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर संभावित घटना को टाल दिया।
इस मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 272/26, दिनांक 10 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा बरामद हथियार के स्रोत और आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
















