


पूर्णिया। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिला स्कूल स्टेडियम खेल मैदान परिसर में आयोजित टी-20 एकदिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में जिला स्कूल पूर्णिया एनसीसी की टीम ने हरिओम स्पोर्ट्स एकेडमी को 7 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ की पूर्व अध्यक्ष एवं बिहार महिला क्रिकेट टीम की पूर्व मैनेजर श्रीमती स्वाति वैश्यंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, लगन, निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ खेलने वाले खिलाड़ी निश्चित रूप से अपनी मंजिल हासिल कर सकते हैं।
ईस्ट जोन के पूर्व चेयरमैन, बिहार अंडर-14 एवं अंडर-16 चयन समिति के सदस्य तथा क्रिकेट प्रशिक्षक हरिओम झा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को देश की स्वतंत्रता और आजादी के लिए बलिदान देने वाले महान देशभक्तों के योगदान से अवगत कराना तथा उन्हें श्रद्धांजलि देना है। उन्होंने कहा कि हम सभी को देश के लिए अपना योगदान देने का प्रयास करना चाहिए।
पूर्व क्रिकेटर एवं क्रिकेट प्रशिक्षक शशांक शेखर सिंह गुड्डू ने कहा कि प्रत्येक भारतीय को अपने देश पर गर्व है। स्वतंत्रता संग्राम के महान सपूतों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, कला-संस्कृति और खेल के माध्यम से समाज को एक सूत्र में बांधे रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
रोमांचक मुकाबले में एनसीसी की शानदार जीत
टॉस जीतकर हरिओम स्पोर्ट्स एकेडमी के कप्तान मो. इंजामुल ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हरिओम स्पोर्ट्स एकेडमी ने निर्धारित 15 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 82 रन बनाए। टीम की ओर से गोल्डी ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। जिला स्कूल पूर्णिया एनसीसी की ओर से कप्तान हरिश हर्ष ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए।
83 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिला स्कूल पूर्णिया एनसीसी की टीम ने महज 7.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 84 रन बनाते हुए मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया। एनसीसी की ओर से सौरभ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 4 छक्कों और 1 चौके की मदद से 35 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
मैच में अंपायर की भूमिका रवि एवं शिवम ने निभाई, जबकि स्कोरर आर्य रहे। विजेता जिला स्कूल पूर्णिया एनसीसी की टीम को 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की ट्रॉफी पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ की पूर्व अध्यक्ष एवं बिहार महिला क्रिकेट टीम की पूर्व मैनेजर श्रीमती स्वाति वैश्यंत्री ने प्रदान की।
इस अवसर पर खिलाड़ियों के अभिभावक, वरिष्ठ सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
















