


संतान की दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना को लेकर महिलाओं ने गंगा स्नान कर की पूजा-अर्चना, शनिवार को रखेंगी निर्जला व्रत
नवगछिया । संतान की दीर्घायु, सुखी और सुरक्षित जीवन की कामना को लेकर मनाया जाने वाला जीवित्पुत्रिका यानी जिउतिया पर्व शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर पुत्रवती महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं गंगा घाटों पर पहुंचीं और पवित्र गंगा में स्नान करने के बाद ग्राम देवता की पूजा-अर्चना कर व्रत की शुरुआत की।

गंगा स्नान के बाद महिलाओं ने घर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद झींगा के पत्ते पर भगवान को भोग अर्पित किया और सात्विक भोजन ग्रहण किया। नहाय-खाय के साथ ही महिलाओं ने अगले दिन होने वाले निर्जला व्रत के लिए स्वयं को तैयार किया।
शनिवार को महिलाएं रखेंगी निर्जला व्रत
जिउतिया पर्व के दूसरे दिन शनिवार को महिलाएं संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखेंगी। व्रती महिलाएं पूरे दिन बिना अन्न और जल ग्रहण किए व्रत का पालन करेंगी।
इसके बाद रविवार की सुबह महिलाएं विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगी और निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार व्रत का पारण करेंगी। तीन दिवसीय इस पर्व को लेकर घरों में भी विशेष तैयारी की गई है। महिलाओं द्वारा पूजा सामग्री की व्यवस्था करने के साथ-साथ पर्व से जुड़ी पारंपरिक तैयारियां पूरी की गईं।
गंगा घाटों पर सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

जिउतिया पर्व को लेकर शुक्रवार की सुबह से ही विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। तिनटंगा करारी जहाज घाट पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे। महिलाओं ने गंगा में स्नान करने के बाद घाट पर ही पूजा-अर्चना की और संतान की दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई। घाटों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर स्थानीय स्तर पर भी व्यवस्था की गई थी।
बाजारों में खरीदारी को लेकर रही चहल-पहल
पर्व को लेकर नवगछिया, सैदपुर, पचगछिया, रंगरा, तेतरी और सुकटिया बाजार सहित आसपास के बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही। महिलाओं ने जिउतिया पर्व की पूजा के लिए आवश्यक सामग्री, फल, सब्जियां और अन्य सामानों की खरीदारी की।
पर्व को लेकर बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ रही। दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पूजन सामग्री और अन्य आवश्यक सामान की व्यवस्था की थी। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचे।
जिउतिया पर्व को लेकर घरों से लेकर गंगा घाटों और बाजारों तक धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। महिलाओं ने संतान की लंबी आयु और सुखी जीवन की कामना के साथ पर्व की शुरुआत की। शनिवार को निर्जला व्रत और रविवार को पूजा-अर्चना के बाद पारण के साथ पर्व का समापन होगा।
















