


भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत लोदीपुर थाना क्षेत्र के विशनपुर जिछो गांव स्थित नवनिर्मित अर्धनारीश्वर मंदिर परिसर से सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आकर्षक धार्मिक झांकियों और भक्ति गीतों के बीच निकली यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।
मंदिर का निर्माण स्वर्गीय विजय प्रसाद सिंह एवं स्वर्गीय गायत्री देवी की स्मृति में उनके पुत्र रणवीर कुमार सिंह द्वारा कराया गया है। अपनी भव्य वास्तुकला के कारण यह मंदिर गांव में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
शोभायात्रा के दौरान लोदीपुर थाना पुलिस यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था संभालने में मुस्तैद रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
आयोजकों ने बताया कि सोमवार की संध्या में पैगाम प्रवेश, पंचांग पूजन एवं वेदी स्थापना की जाएगी। मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ का आयोजन होगा। इसके साथ ही 24 घंटे का अष्टयाम महाकीर्तन भी प्रारंभ होगा।

कार्यक्रम के अंतिम दिन 8 जुलाई, बुधवार को महाहवन, पूर्णाहुति एवं श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
मंदिर निर्माणकर्ता रणवीर कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर निर्माण का उद्देश्य गांव में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को सुदृढ़ करना तथा लोगों को एकजुट करना है। वहीं ग्रामीण गौतम कुमार ने कहा कि मंदिर के निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
















