


भागलपुर। भागलपुर के कचहरी चौक पर रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक विवाहिता अपने कथित प्रेमी के साथ दिखाई दी। इस दौरान महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने दोनों को रोक लिया, जिसके बाद बीच सड़क पर काफी देर तक हंगामा, कहासुनी और मारपीट की स्थिति बनी रही। घटना के कारण मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

ससुराल पक्ष का आरोप है कि विवाहिता अपने पति का घर छोड़कर कथित प्रेमी के साथ रह रही है। परिजनों ने महिला और उसके साथ मौजूद युवक पर ढाई वर्षीय बच्चे की मौत को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं विवाहिता ने ससुराल पक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ससुराल में उसके साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। उसने आरोप लगाया कि पति ने भी उसका साथ नहीं दिया, जिसके कारण उसने अपनी इच्छा से अलग रहने का निर्णय लिया। महिला का कहना है कि उस पर लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं।
घटना के समय महिला की गोद में एक नवजात बच्चा भी था, जिसे लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद होता रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, कथित प्रेमी महिला के जीजा का मित्र बताया जा रहा है।
हंगामे के दौरान महिला के साथ मारपीट की भी सूचना है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बहस और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
















