


कैमूर। जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सब्जी दुकान की आड़ में चल रहे मादक पदार्थ और शराब के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6.73 ग्राम हेरोइन और 9 लीटर शराब बरामद करते हुए एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात दुर्गावती थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन रोड स्थित दुर्गावती मोड़ के पास एक सब्जी दुकानदार चोरी-छिपे हेरोइन और शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और रात करीब 8:30 बजे संबंधित दुकान पर छापेमारी की।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
छापेमारी के दौरान दुकानदार शिवम कुमार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके जेब से 6.73 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई है, जो दुर्गावती थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव का निवासी बताया गया है।
दुकान से बरामद हुई शराब
हेरोइन बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर दुकान की तलाशी ली गई, जहां से नौ लीटर शराब बरामद की गई। पुलिस ने बरामद हेरोइन और शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आई।
पुलिस कर रही आगे की जांच
दुर्गावती थाना अध्यक्ष गिरीश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि स्टेशन रोड स्थित एक सब्जी दुकान से 6.73 ग्राम हेरोइन और 9 लीटर शराब बरामद की गई है। आरोपी शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ था और वह कब से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था।















