


पूर्णिया: कला भवन साहित्य विभाग की मासिक संगोष्ठी के अंतर्गत 5 जुलाई (रविवार) को पुस्तक लोकार्पण सह लघुकथा संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन अपराह्न 3 बजे कला भवन साहित्य विभाग के मीटिंग हॉल में होगा।
इस अवसर पर पूर्णिया विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. कामेश्वर पंकज के कहानी संग्रह “कथाकार रूपचंद” का लोकार्पण किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष एवं कला भवन साहित्य विभाग की वरिष्ठ सदस्या डॉ. उषा शरण करेंगी। कार्यक्रम में शहर के अनेक साहित्यकार एवं साहित्य प्रेमी भी भाग लेंगे।

कार्यक्रम के तहत पुस्तक लोकार्पण, लेखक द्वारा कहानी पाठ, कहानी पर चार वक्ताओं के विचार तथा साहित्यकारों द्वारा स्वरचित लघुकथाओं का पाठ आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि लघुकथा का विषय स्वतंत्र रखा गया है और सभी साहित्य प्रेमियों से अपनी स्वरचित लघुकथा के साथ कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. निरुपमा राय ने साहित्यकारों एवं साहित्य प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
















