


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। श्रावणी मेले की भीड़ के बीच सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को नजारा कुछ अलग दिखा। हाथों में पानी, जुबां पर सुरक्षा संदेश और यात्रियों को सही रास्ता दिखाते स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं के लिए मददगार साथी बने नजर आए। मालदा मंडल के विवेकानंद स्काउट ग्रुप ने स्टेशन पर पहुंचने वाले कांवरियों और यात्रियों के बीच सेवा के साथ सुरक्षा का संदेश भी पहुंचाया।
मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया। भीड़ के बीच यात्रियों को प्रवेश और निकास द्वारों का सही इस्तेमाल करने तथा सुरक्षित तरीके से आवागमन करने की जानकारी दी गई।
पटरियां पार न करें, एफओबी का करें इस्तेमाल
ट्रेन के आने-जाने के समय स्वयंसेवकों ने उद्घोषणाओं और व्यक्तिगत संवाद के जरिए यात्रियों को लगातार सावधान किया। श्रद्धालुओं से रेलवे ट्रैक पार नहीं करने और प्लेटफॉर्म बदलने के लिए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का इस्तेमाल करने की अपील की गई।

चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने से बचने और ट्रेन के संचालन वाले हिस्से से सुरक्षित दूरी बनाए रखने का संदेश भी लगातार दोहराया गया। स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए भी यात्रियों को जागरूक किया गया।
रेलवे की उद्घोषणा व्यवस्था को मिला ‘मानवीय सहारा’
स्काउट्स की खास भूमिका यह रही कि उन्होंने केवल औपचारिक उद्घोषणाओं तक अभियान को सीमित नहीं रखा। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही स्वयंसेवक यात्रियों के बीच जाकर सुरक्षा नियमों की जानकारी देते रहे। इससे रेलवे की नियमित उद्घोषणा व्यवस्था को भी अतिरिक्त सहयोग मिला और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर यात्रियों को सावधानी बरतने में मदद मिली।
इस सेवा अभियान की निगरानी कृष्ण कुमार दास, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल), जमालपुर ने की। अभियान में रेलवे अधिकारियों, आरपीएफ जवानों और स्टेशन कर्मचारियों ने भी सहयोग किया।
















