


भागलपुर । समाहरणालय परिसर स्थित समीक्षा भवन, भागलपुर में मंगलवार को “कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013” यानी पीओएसएच एक्ट विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर के तत्वावधान में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पीओएसएच अधिनियम-2013 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देना था। प्रशिक्षण सत्र का संचालन एवं प्रस्तुतीकरण सी-3 एनजीओ की जेंडर विशेषज्ञ गुंजन बिहारी द्वारा किया गया।
कार्यशाला में जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक कार्यालय में महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को पीओएसएच एक्ट के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने और आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) को सक्रिय एवं संवेदनशील बनाए रखने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि महिला सम्मान और लैंगिक समानता किसी भी संस्थान की सकारात्मक कार्य संस्कृति का आधार है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से महिला सुरक्षा और संवेदनशीलता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
प्रशिक्षण के दौरान जेंडर विशेषज्ञ गुंजन बिहारी ने पीओएसएच अधिनियम-2013 की पृष्ठभूमि, विशाखा गाइडलाइंस, यौन उत्पीड़न की परिभाषा, शिकायत निवारण प्रक्रिया, आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका एवं कार्यप्रणाली तथा महिलाओं के अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी, मानसिक या शारीरिक उत्पीड़न कानूनन दंडनीय अपराध है।
कार्यक्रम में विभिन्न केस स्टडी, उदाहरण एवं पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रतिभागियों को अधिनियम की व्यवहारिक जानकारी भी दी गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने विषय से जुड़े सवाल पूछे और अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक मणिशंकर, जिला मिशन समन्वयक तबरेज खान, लैंगिक विशेषज्ञ विवेक कुमार, फाइनेंस लिट्रेसी स्पेशलिस्ट अभिषेक सुमन सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आईसीडीएस जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह मिशन शक्ति नोडल पदाधिकारी अनुपमा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी विभागों से पीओएसएच अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।













