5
(1)

देर से पहुंची पुलिस पर लोगों ने उठाए सवाल

भागलपुर में सोमवार देर रात अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले तूफान के कारण कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जबकि कई घरों के टिन शेड और चदरे उड़ गए।

सबसे अधिक परेशानी बैजानी क्षेत्र में देखने को मिली, जहां ग्रामीण सड़कों और मुख्य मार्गों पर विशालकाय पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर बैजानी चौक से लेकर बैजानी पेट्रोल पंप तक करीब आधा दर्जन पेड़ सड़क पर गिर पड़े, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

अचानक सड़क पर पेड़ गिरने से वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। कई छोटे-बड़े वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। उमस भरी गर्मी और बारिश के बीच यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के काफी देर बाद तक बाईपास थाना की गश्ती टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

हालांकि बाद में सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा। स्थानीय लोगों के सहयोग से सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद मार्ग को आंशिक रूप से चालू कराया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान प्रशासन को पहले से सतर्क रहना चाहिए, ताकि ऐसी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू हो सके। लोगों ने मांग की कि हाईवे और संवेदनशील इलाकों में आपदा प्रबंधन की टीम को अलर्ट मोड में रखा जाए, जिससे लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: