5
(1)

पूर्णिया । बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने शुक्रवार को कसबा प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। लगभग 16 करोड़ 62 लाख 10 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में कसबा विधायक नितेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं सरल एवं सम्मानजनक तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं को प्रखंड और अंचल कार्यालय से जुड़े कार्यों के निष्पादन में काफी सहूलियत मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि यह भवन कसबा में विकास की एक झलक है और अभी विकास की मंजिल को छूना बाकी है। उन्होंने कहा कि कसबा लगातार विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा इस नए भवन के बनने से क्षेत्र की जनता को एक ही परिसर में बेहतर एवं सुगम सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने कहा कि कसबा सहित पूरे पूर्णिया जिले के सर्वांगीण एवं समग्र विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है।

वहीं कसबा विधायक नीतेश कुमार सिंह ने कहा कि यह भवन कसबा की जनता के लंबे समय से जुड़े सपनों को साकार करेगा। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता आएगी, लोगों का समय बचेगा तथा सरकारी सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी है और आने वाले समय में कसबा को कई अन्य विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी।

कार्यक्रम में जनता दल यूनाइटेड के जिलाध्यक्ष प्रकाश कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष अविनाश कुमार, प्रदेश महासचिव आशीष कुमार बब्बू, प्रवीण कुमार दास, मो. हसमत राही, सुमन झा, संजय मिर्धा, बमबम साह सहित भवन निर्माण विभाग के अभियंता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: