


पूर्णिया। प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अंजनी कुमार की अध्यक्षता में महानंदा सभागार में संबंधित वरीय एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 19 मई को आयोजित सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन, किसान पंजीकरण महाअभियान, जनगणना 2027 तथा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि किसान पंजीकरण अभियान में पूर्णिया जिले को बिहार में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। समीक्षा के दौरान कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई।

प्रभारी जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को किसान पंजीकरण महाअभियान के दौरान क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की निगरानी एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछने तथा एक दिन का वेतन काटने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में जनगणना 2027 के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को दिया गया। वहीं पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्यों में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व रवि राकेश, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी सुजय सिंह, विभागीय जांच पदाधिकारी विनय कुमार, विधि व्यवस्था पदाधिकारी राजकुमार गुप्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रवि शंकर उरांव, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्वेतम दीक्षित, ग्रामीण विकास अभिकरण निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, उद्योग महाप्रबंधक सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी मौजूद थे। वहीं प्रखंड एवं अनुमंडल स्तरीय अधिकारी दूरदृश्य संवाद माध्यम से जुड़े रहे।
















